प्रयागराज : कैबिनेट की बैठक की पूर्व संध्या पर सोमवार को पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, पुरानी पेंशन बहाली मंच के तत्वावधान में सिविल लाइंस में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व करते हुए शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी ने कहाकि कर्मचारी, शिक्षक और अधिकारी लंबे समय से पुरानी पेंशन बहाली को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब वक्त आ गया है कि इसके लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने का। अन्य वक्ताओं ने कहाकि सरकार ने अगर पांच फरवरी तक पुरानी पेंशन को बहाल नहीं किया तो छह फरवरी से 12 फरवरी तक महा हड़ताल होगी। इस दौरान देवेंद्र श्रीवास्तव, अजय भारती, रंगनाथ मिश्र, बीके पांडेय, विनोद कुमार पांडेय, विनोद कुमार पांडेय, दीपक श्रीवास्तव, आरपी शुक्ला, रमेश शंकर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने दी हड़ताल की चेतावनी: लखनऊ: पुरानी पेंशन बहाली और वेतन समिति की संस्तुतियां लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने एक बार फिर हड़ताल की चेतावनी दी है। मोर्चा अध्यक्ष वीपी मिश्र ने हड़ताल रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय से दखल देने की मांग की है। कई बार हड़ताल की तारीखें तय करके ऐन वक्त पर आंदोलन स्थगित करने के बाद मोर्चा पदाधिकारियों ने फिर शासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया है।
सोमवार को हुई मोर्चा की बैठक में भी इसे लेकर नाराजगी जताई गई कि मुख्य सचिव स्तर पर हुई बैठकों में मांगों पर सार्थक निर्णय नहीं लिया गया तथा एक भी मांग पर आदेश जारी नहीं किया गया। मोर्चा अध्यक्ष ने बताया कि इसके विरोध में दो घटक संगठनों राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद तथा निकाय कर्मचारी महासंघ ने हड़ताल में सक्रिय सहयोग करने का निर्णय लिया है।