प्रदेश के अशासकीय सहायताप्राप्त (एडेड) माध्यमिक कालेजों में प्रधानाचार्य बनने के लिए साक्षात्कार दे चुके अभ्यर्थियों को झटका लगा है। माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड उप्र ने छह मंडलों के लिए प्रधानाचार्य भर्ती वर्ष 2011 का साक्षात्कार निरस्त कर दिया है। चयन बोर्ड इन मंडलों के लिए फिर से इंटरव्यू कराएगा और उसकी तारीख का एलान बाद में किया जाएगा।
प्रदेश के एडेड माध्यमिक कालेजों में प्रधानाचार्य का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती वर्ष 2011 के तहत कानपुर मंडल को छोड़कर अन्य मंडलों का साक्षात्कार कराया था। उनमें से सात मंडलों का परिणाम और चयनितों का कालेज आवंटन तक हो चुका है। वहीं, करीब नौ मंडलों के परिणाम की उम्मीद अभ्यर्थी लंबे समय से लगाए थे। इस भर्ती में चयन के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल की गई थी और कोर्ट ने चयन बोर्ड को दिशा निर्देश दिया था। इस पर चयन बोर्ड में विस्तृत चर्चा करके निर्णय किया गया है। उप सचिव ने बोर्ड का निर्णय शुक्रवार को वेबसाइट पर जारी किया है।
निर्णय में कहा कि हाईकोर्ट के 18 अक्टूबर 2019 के आदेश के अनुपालन में शासनादेश 20 जून 2014 के पूर्व संस्था प्रधान यानी प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तहत नौ मंडलों में साक्षात्कार कराया गया था। उन तीनों मंडलों का परिणाम तैयार किया जा रहा है। वह प्रक्रिया पूर्ण होते ही परिणाम घोषित किया जाएगा। शेष छह मंडलों में अभ्यर्थियों को 21 दिन पूर्व नोटिस नहीं भेजी गई थी इसलिए उनका परिणाम हाईकोर्ट के अनुपालन में तैयार नहीं कराया जा सका है। उप सचिव ने यह भी लिखा है कि छह मंडलों में हुआ साक्षात्कार निरस्त करने का चयन बोर्ड ने निर्णय लिया है, साथ ही इंटरव्यू फिर से कराया जाएगा। साक्षात्कार की तारीख बाद में घोषित होगी।
इन मंडलों का साक्षात्कार निरस्त
गोरखपुर, मुरादाबाद, चित्रकूट, मेरठ, बस्ती व फैजाबाद।
इनका तैयार हो रहा परिणाम
झांसी, बरेली व देवीपाटन।
इनका जारी हो चुका रिजल्ट
आजमगढ़, प्रयागराज, आगरा, सहारनपुर, लखनऊ, मीरजापुर व वाराणसी।