
image source odishatv.in
29 जुलाई 2018 को हुई 10768 एलटी ग्रेड शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग सामाजिक विज्ञान महिला शाखा के लिए सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज का सत्यापन कर रहा है जो 17 दिसंबर तक चलेगा। उसके बाद जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज में कमी है उसे पूरा करने के लिए अधिकतम दो महीने का समय देना होगा।
इस हिसाब से 17 फरवरी तक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो पाएगी। उसके बाद ही एलटी ग्रेड के रिक्त पदों का आगणन किया जा सकेगा। आयोग सूत्रों के अनुसार, नवंबर में एलटी ग्रेड के 729 रिक्त पदों की सूचना मिली है। विभाग एलटी ग्रेड और प्रवक्ता दोनों भर्ती के लिए अधियाचन भेजने की तैयारी कर रहा है।
10 हजार पदों के रिक्त होने का अनुमान
एलटी ग्रेड के 10768 शिक्षकों की भर्ती पूरी होने के बाद भी 10 हजार रिक्त पद रहने का अनुमान है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक को तकरीबन 6 हजार खाली पदों की सूचना मिल चुकी है। 10768 पदों में से 7527 पदों पर ही चयन हुआ है और 3241 खाली हैं। सत्यापन के बाद जिनका चयन निरस्त होगा, वे पद भी इसमें जुड़ेंगे। इसलिए एलटी ग्रेड के 10 हजार पद रिक्त होने का अनुमान है।