कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों में विज्ञान और गणित विषयों के प्रति रुचि उत्पन्न करने के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालयों में इन विषयों के मैथ लैब (प्रयोगशाला) बनाए जाएंगे। इसके लिए जिले में कुल 105 विद्यालय चयनित किए गए हैं। इनमें लैब के लिए शासन ने बजट जारी कर दिया है।
दरअसल, राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने प्रत्येक ब्लॉक के पांच उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित के लैब बनाने के लिए के लिए निर्देश जारी किए थे। इसी क्रम में जिले के 21 ब्लॉकों में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 105 विद्यालय चयनित किए गए। इनमें 42 स्कूलों में विज्ञान और 63 में गणित लैब स्थापित बनाए जाएंगे। विज्ञान लैब के लिए ढाई हजार और गणित के लिए 2594 रुपये प्रति विद्यालय की दर से करीब 2.70 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं।
विज्ञान लैब में मिलेगी यह सामग्री : परखनली, 100 मिली. का बीकर, कीप, स्प्रिट लैंप, तिपाई स्टैंड, स्टॉप वॉच, प्रयोगशाला तापमापी, थर्मामीटर, स्प्रिंग तुला, विद्युत घंटी, चुंबकीय सुई, निद्रव दाबमापी, जाली, समतल-अवतल व उत्तल दर्पण, ड्राइंग बोर्ड, ग्लास स्लैब, प्रिज्म, आवर्धक, उत्तल और अवतल लेंस।
गणित प्रयोगशाला में होंगे ये सामान : ज्यामितीय बॉक्स, जियो बोर्ड, वृत्ताकार एवं वर्गाकार, नापने के लिए फीता, इंच टेप, दीवार घड़ी, बड़े आकार के पांसे, प्लास्टिक ग्राफ चार्ट आदि उपलब्ध कराया जाएगा।
चयनित विद्यालयों को बजट जारी कर राशि भेज दी गई है। अब प्रधानाध्यापकों को जल्द लैब बनाने के निर्देश दिए गए हैं। – विनोद मिश्र, जिला समन्वयक प्रशिक्षण।
You may Like