गांधी पार्क में बुधवार को राष्ट्रपिता की प्रतिमा के सामने शिक्षक समस्याओं के मुद्दे पर सभी शैक्षिक संगठनों की एक सामूहिक बैठक हुई। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह के आवाह्न पर कई संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे। संघर्ष के लिए एक समन्वय समिति के गठन पर सहमति बनी।
शिक्षकों की तमाम समस्याओं के साथ ही सरकार की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग में लागू हो रहे प्रेरणा एप पोर्टल पर विस्तार से चर्चा की गई। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला महामंत्री अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि अकेला चना कभी भाड़ फोड़ता है। हमें एकजुट होना होगा। अगर हम शिक्षकों का हित चाहते हैं तो इस मुद्दे पर एकजुट होकर रणनीति *बनानी पड़ेगी।
यूटा के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने भी शैक्षिक हितों के लिए निर्णय का स्वागत किया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के वीरेन्द्र मिश्र ने हम जब एक साथ प्रहार करेंगे, तभी कुछ होगा। सभी ने एकजुटता के लिए संकल्प लिया।
अटेवा के जिलाध्यक्ष अमर यादव ने कहा कि शिक्षकों के एकता की ताकत को दिखाने का समय अब आ गया है। पू.मा.वि संघ के जिला कोषाध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि अब यही एक सही रास्ता है।
यशवंत पाण्डेय ने कहा कि संघर्ष जारी रहना चाहिए। विशिष्ट बीटीसी के पदाधिकारी संजीव मिश्र ने संचालन के जरिये सभी का उत्साह बढ़ाया। आजाद बेग, अरूण शुक्ला, रिजवान अंसारी, शिवपूजन कनौजिया, उदयभान वर्मा, कृष्ण गोपाल दूरबार, वीर विक्रम सिंह, सतीश पाण्डेय, हकीकुल्लाह, देवेन्द्र कुमार आदि ने भी अपने विचार रखे।
नहीं पहुंचे कई संगठनों के पदाधिकारी : विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर की ओर से शिक्षक संगठनों की एक समन्वय समिति बनाने के मुद्दे पर बुधवार को बैठक बुलाई गई थी। जिसमें कई संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे थे। इसके बावजूद कई शिक्षक संगठन के पदाधिकारी बैठक में नहीं आए। इस सभी संगठनों के साथ बात करने के लिए एक संयोजन समिति बनाने का फैसला लिया गया है।